शनिवार की सुबह पापुआ न्यू गिनी में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। इसके बाद पापुआ न्यू गिनी के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। अमेरिका के जियोलॉजिकल सर्वे का कहना है कि आज सुबह न्यू ब्रिटेन आइलैंड के तट पर 6.9 की तीव्रता से भूकंप के झटके महसूस हुए हैं। इसके बाद सुनामी की आशंका है इसे लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.3 मापी गई
भूकंप का केंद्र धरती के दस किलोमीटर की गहराई में था। भारतीय समय के मुताबिक भूकंप सुबह छह बजकर चार मिनट पर आया। इसे लेकर यूएस पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने कहा है कि सुनामी की लहरें एक से तीन मीटर तक हो सकती है। इसके अतिरिक्त सोलोमन आइलैंड पर भी सुनामी की छोटी लहरें आने की संभावना है। न्यू ब्रिटेन आइलैंड पर 6.9 की तीव्रता वाले भूकंप के आधे घंटे बाद फिर से भूकंप के झटके महसूस हुए। दूसरी बार रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.3 मापी गई।
हजारों लोगों की जान चली गई
बता दें कि न्यू ब्रिटेन आइलैंड पर करीब पांच लाख लोग रहते हैं। भूकंप के तेज झटके के बाद अब तक किसी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं आई है। लगातार भूकंप के दो झटके के बाद से लोगों में डर बना हुआ है। कल देर रात भारत के भी कई राज्यों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र नेपाल बताया गया। हाल ही में म्यांमार और थाईलैंड में आए भूकंप ने तबाही मचा दी। इसमें हजारों लोगों की जान चली गई।