Dehradun : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल और उधमसिंह नगर जिलों में स्थित कई स्थानों के नाम बदलने की घोषणा की है। सरकार का कहना है कि यह बदलाव जनभावनाओं, भारतीय संस्कृति और समृद्ध विरासत के अनुरूप किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय न केवल ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे लोगों को उन महापुरुषों से प्रेरणा मिलेगी, जिन्होंने भारतीय संस्कृति और विरासत को संजोने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सीएम धामी ने कहा- भारतीय संस्कृति को मिलेगा सम्मान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और गौरव को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्थानों के नामों में यह परिवर्तन इतिहास, परंपरा और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगा और नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ने का कार्य करेगा।
इन जगहों के नाम बदलने की घोषणा-
हरिद्वार जिला
- औरंगजेबपुर- शिवाजी नगर
- गाजीवाली- आर्य नगर
- चांदपुर- ज्योतिबा फुले नगर
- मोहम्मदपुर जट- मोहनपुर जट
- खानपुर कुर्सली- अंबेडकर नगर
- इदरीशपुर- नंदपुर
- खानपुर- श्री कृष्णपुर
- अकबरपुर फाजलपुर- विजयनगर
देहरादून जिला
- मियांवाला- रामजीवाला
- पीरवाला- केसरी नगर
- चांदपुर खुर्द- पृथ्वीराज नगर
- अब्दुल्लापुर- दक्षनगर
नैनीताल जिला
- नवाबी रोड- अटल मार्ग
- पनचक्की से आईटीआई मार्ग- गुरु गोवलकर मार्ग
उधम सिंह नगर जिला
- नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी- कौशल्या पूरी
सरकार के इस फैसले पर क्या है प्रतिक्रिया?
मुख्यमंत्री के इस फैसले का राज्यभर में समर्थन और विरोध दोनों ही देखने को मिल रहा है। कुछ लोग इसे उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने वाला कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ राजनीतिक दल इसे राजनीति से प्रेरित निर्णय मान रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य ऐतिहासिक गलतियों को सुधारना और भारतीय संस्कृति को उसका उचित सम्मान देना है।