Bihar News : बिहार के किशनगंज से एक चौका देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने केवल इसलिए अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि पत्नी ने खाने में सब्जी नहीं बनाई थी। हालांकि पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि पत्नी की हत्या के बाद आरोपी स्वयं 45 किमी दूर किशनगंज सदर थाने पहुंचकर जुर्म को कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि ये मामला भारत नेपाल सीमा से सटे दिघलबैंक प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत तारा बाड़ी पंचायत के बेंत बाड़ी वार्ड संख्या आठ का है। जहां खाने में सब्जी नहीं बनाने पर एक पति ने पत्नी को कुल्हाड़ी से मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृत महिला के 4 बच्चे भी हैं। फिलहाल घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस कार्रवाई में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद गंदर्भ डांगा पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई। वहीं मृत महिला की पहचान रुबी बेगम के रूप में हुई है जो कि चार बच्चों की मां थी। स्थानीय सरपंच ने बताया कि सुबह मृतका के देवर ने घर के आंगन में शव पड़ा हुआ देखा, जिसके बाद उसके द्वारा ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली।
पती-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था
उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद में पति अब्दुस शकूर के द्वारा ही घटना को अंजाम दिया गया है। कुछ लोगों ने बताया कि पती-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार को भी दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्साए पति ने घर में रखी कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सब्जी नहीं बनने की वजह से पति ने की पत्नी की हत्या
परिजनों का कहना है कि पति ने खाने में सब्जी मांगी थी, लेकिन घर में सब्जी नहीं थी। इसी वजह से रूबी ने सब्जी नहीं बनाई थी, जिससे नाराज पति ने हत्याकांड को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया। बाद में उसने पुलिस के सामने गिरफ्तारी दी। मृतका के भाई ने कहा कि लगभग 20 साल पहले उनकी बहन की शादी हुई थी और कभी-कभार लड़ाई झगड़ा हुआ करता था, लेकिन आज उनकी बहन की हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि हत्यारे को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद ठाकुरगंज SDPO मंगलेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में उनके द्वारा जानकारी प्राप्त की गई। SDPO ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और जल्द ही हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।