इंडियाज गॉट लेटेंट शो में यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया के द्वारा कंटेस्टेंट के पेरेंट्स पर अश्लील कमेंट करना उनके उपर भारी पड़ता जा रहा है। उनकी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब इस मामले में महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने समय रैना, बलराज घाई समेत 30 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। बता दें कि शो के पहले एपिसोड से लेकर एपिसोड 6 तक जितने भी लोग इस शो में शामिल थे उन सभी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही पुलिस के द्वारा सभी को नोटिस भेजना शुरू कर दिया गया है।
देश से बाहर हैं समय रैना, 17 मार्च को वापस लौटेंगे
वहीं खार पुलिस ने शो में मौजूद आशीष चंचलानी का आज बयान दर्ज किया है। साथ ही सभी आरोपियों से पुलिस ने संपर्क किया है। देश से बाहर गए समय रैना से भी पुलिस ने संपर्क किया है। समय के वकील ने पुलिस को बताया कि समय रैना विदेश में हैं और 17 मार्च को वापस लौटेंगे। उन्होंने अपने वकील के माध्यम से महाराष्ट्र साइबर से जांच अधिकारी के सामने आने के लिए समय मांगा है।
समय के वकील ने सायबर सेल के सामने उनका ट्रेवल टिकेट और शो शेड्यूल सबमिट किया है। वहीं रणवीर अल्लाहबादिया के मैनेजर से भी संपर्क किया गया है। वह कभी भी बयान देने के लिए आ सकता है। फिलहाल खार पुलिस मामले की जांच अभी कर रही है।
14 नवंबर को शूट हुआ था शो
आपको बताते चलें कि खार पुलिस बुकमाया शो से भी संपर्क करेगी और उस शो में मौजूद दर्शकों की लिस्ट मांगेगी। ये शो 14 नवंबर को शूट किया गया था। उसके बाद यूट्यूब पर डाल दिया गया था। रविवार को उसी शो का क्लिप वायरल हुआ था जिसके बाद से ये बवाल मचा हुआ है। समय के पास ही इस शो का अनकट वीडियो है। पुलिस समय के देश में आने के बाद पूरा वीडियो जब्त करेगी।
ये है अपडेट
गुवाहाटी पुलिस मुंबई पहुंची, FIR को लेकर जांच हुई तेज, मुंबई पुलिस ने सभी आरोपियों से पक्ष रखने के लिए संपर्क किया, दर्ज हुआ आरोपी आशीष चंचलानी का बयान, कभी भी बयान दर्ज करा सकता है रणवीर इलाहाबादिया, महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने रणवीर, समय सहित 30 पर दर्ज की FIR, NCW ने रणवीर सहित सभी आरोपियों को किया तलब, अपूर्वा मखीजा का बयान हो रहा दर्ज।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने अपमानजनक टिप्पणी के लिए रणवीर अल्लाहबादिया, समय रैना और अन्य को तलब किया है। 17 फरवरी को NCW में सुनवाई के लिए पेश होने का आदेश भी दिया गया है।