Monday, April 28, 2025
spot_img
HomeबिजनेसStock Market: बाजार में लगातार पांचवें दिन गिरावट, सेंसेक्स 1,176 अंक टूटा...निफ्टी...

Stock Market: बाजार में लगातार पांचवें दिन गिरावट, सेंसेक्स 1,176 अंक टूटा…निफ्टी में भी कोहराम

मुंबई। वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बीच घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट का सिलसिला लगातार पांचवें दिन शुक्रवार को भी जारी रहा और भारी बिकवाली के असर में दोनों मानक सूचकांक करीब 1.5 प्रतिशत तक टूट गए। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आक्रामक रुख के बाद वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की चाह के चलते कारोबारी धारणा कमजोर बनी हुई है। बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 1,176.46 अंक यानी 1.49 प्रतिशत गिरकर 78,041.59 पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान एक समय यह 1,343.46 अंक फिसलकर 77,874.59 पर आ गया था। इसी तरह एनएसई का मानक सूचकांक निफ्टी 364.20 अंक यानी 1.52 प्रतिशत गिरकर 23,587.50 पर बंद हुआ। सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में से टेक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, लार्सन एंड टुब्रो, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अल्ट्राटेक सीमेंट और रिलायंस इंडस्ट्रीज में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

दूसरी तरफ, जेएसडब्ल्यू स्टील, नेस्ले और टाइटन के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हेंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 4,224.92 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.96 प्रतिशत गिरकर 72.18 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 964.15 अंक गिरकर 79,218.05 और निफ्टी 247.15 अंक गिरकर 23,951.70 अंक पर बंद हुआ था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments