Akhilesh Yadav Attacks BJP : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एक शादी के कार्यक्रम में अलीगढ़ पहुंचे। अखिलेश यादव के अलीगढ़ आगमन से पूर्व अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के कार्यकर्ता विरोध करने बौनेर तिराहा पहुंचे। वहां महासभा के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर नोक-झोंक हुई। वहां अखिलेश यादव के विरोध में जमकर नारेबाजी हुई और काले झंडे दिखाकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने महासभा के जिला अध्यक्ष सहित दो लोगों को हिरासत में ले लिया। सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के राणा सांगा पर दिए गए अभद्र बयान का अखिलेश यादव द्वारा समर्थन करने पर क्षत्रिय महासभा में आक्रोश है।
भाजपा का रास्ता नफरत भरा है : अखिलेश यादव
अलीगढ़ पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “भाजपा का रास्ता नफरत भरा है। भाजपा की राजनीति नकारात्मक है। जब-जब उन्हें(भाजपा) अपनी नाकामी छुपानी हो तो वे एक ऐसा फैसला लेते हैं, जिससे लोगों का ध्यान बंट जाए… सरकार लगातार विपक्ष को कमजोर करके दबाने की कोशिश कर रही है… आज देश में महंगाई और बेरोजगरी बढ़ती जा रही है…”
यूपी में इस समय महिला, बेटी असुरक्षित हैं : अखिलेश यादव
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की आज पोल खुल रही है। मुख्यमंत्री को साइड लाइन कर दिल्ली वाले अधिकारियों से सीधी घटनाओं के संबंध में जानकारी ले रहे हैं। पूछ रहे हैं कि घटना में कितने दोषी पकड़े गए हैं। यूपी में इस समय महिला, बेटी असुरक्षित है। भेदभाव की राजनीति हो रही है और जाति देखकर देखकर भेदभाव किया जा रहा है। विपक्ष को कैसे दबाया जाए, इसका लगातार सरकार प्रयास कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि अर्थव्यवस्था का खेल यह है कि यह विश्व गुरु बनना चाहते थे और विश्व में दूसरे-तीसरे नंबर पर पहुंच गए। आज महंगाई चरम पर है । किसानों को सुविधा नहीं मिल रही है। गेहूं का ऐसा समर्थन मूल्य लागू किया है, जिससे किसानों को नुकसान पहुंच रहा है। किसान को फसल की सही कीमत नहीं मिल रही है और बड़ी-बड़ी निजी कंपनियों को गेहूं खरीदवा रहे हैं। जीएसटी ने व्यापार को बर्बाद कर दिया। जो व्यापारियों को लाभ मिलना चाहिए, वह सरकार नहीं दे पा रही है।
‘रामजीलाल सुमन का बयान रिकॉर्ड से हटा दिया गया’
राणा सांगा पर विवादित टिप्पणी पर अखिलेश यादव ने कहा कि रामजीलाल सुमन ने जो कुछ कहा, उसके बाद राज्यसभा के रिकॉर्ड से वह बात हटा दी गई। रिकॉर्ड से हटाई जाने वाली बात खत्म हो जाती है । इस समय भाजपा का रवैया तानाशाह है। यह हिटलर की तरह कार्य करना चाह रही है। सरकार के इशारे पर किसी को भी दोषी बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री ने बनारस में सीधे अधिकारियों से मुलाकात करके बनारस व प्रदेश में हो रही घटनाओं की जानकारी ली। तो यह उत्तर प्रदेश के सुशासन की पोल खोल रही है । बीएचयू में एक बेटी का बलात्कार हुआ। उसमें आरोपी सब भाजपाई ही निकले। दिल्ली वालों को यूपी सरकार धोखा दे रही है। रोजगार में सरकार आउटसोर्स की नीति इसलिए अपना रही है कि सरकार की मनमानी चल सके और जब चाहे किसी को भी निकाल दिया जाए।